म्योरपुर। थाना क्षेत्र के देवरी गांव में सरिया लदे ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उस पर सवार किसमत (22) निवासी झारो, पूनम (20) निवासी बलियरी, कन्यावती (30) निवासी बलियरी, विजय (17) निवासी कुंडाडीह व डब्बू (18) निवासी कुंडाडीह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणो व पुलिस की मदद से म्योरपुर सीएचसी में भर्ती किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल किस्मत, कन्यावती, डब्बू व विजय को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर पर म्योरपुर बाजार से सरिया लादकर श्रमिक जा रहे थे। देवरी गांव के पास ट्रैक्टर पलट गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों सीएचसी में भर्ती कराया।