सोनभद्र। जिले में बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ होली मनाई गई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और अबीर लगाया। बच्चों ने पिचकारी से रंगों की बारिश की। लोग ढोल, नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया। होली गीतों पर थिरके। लोगों ने एक दूसरे को अबीर लगाकर और गले मिलकर होली की बधाई दी। शाम को जगह-जगह होली की पार्टी भी चली, जहां महिलाओं ने भी विभिन्न फिल्मी और भोजपुरी गीतों पर जमकर डांस किया।
राबर्ट्सगंज और आसपास के इलाकों में प्रेम और भाईचारे का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाई गई। लोगों ने रंग, गुलाल लगाए। सड़कों पर नाचते-गाते हुए युवाओं की टोली निकली और सभी विभिन्न रंगों से सराबोर रहे। चोपन: नगर सहित आसपास के इलाकों में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार को सुबह से ही लोगों ने जमकर रंग खेलना शुरू किया जो दोपहर तक चला। इस दौरान टोली बनाकर लोगों ने गली मुहल्लों में ढोल नगाड़ों के थाप पर घूम घूम नाचते झूमते हुए लोगों को जमकर रंग लगाया। गले मिलकर बधाई दी। शाम को लोगों ने अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। होली खेलने के दौरान सेल्फी लेने की भी होड़ लगी रही। सुरक्षा में पुलिस चक्रमण करती रही। केकराही: कर्मा थाना के भगौती गांव में बुधवार की शाम होलिका दहन के दौरान अमरेश (18) पुत्र रामप्यारे होलिका की आग में गिर गया। उसे लोगों ने बाहर निकाला और जिला अस्पताल भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को क्षेत्र में फाग गीतों के साथ परंपरागत तरीके से होली मनाई गई। घोरावल: कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में युवाओं और बच्चों ने सड़क पर निकलकर होली का हुड़दंग मचाना शुरू किया। इसके साथ ही बच्चों, युवकों, महिलाओं ने घरों में होली खेली। दोपहर दो बजे तक घरों में व सड़कों पर होली का धमाल चलता रहा। शाम चार बजे के बाद लोग अबीर-गुलाल लेकर अपने मित्रों व स्वजनों से होली मिलन करने निकल पड़े, जो रात्रि दस बजे तक चलता रहा। लोगों ने एक-दूसरे के साथ जमकर अबीर-गुलाल लगाया और गुझिया व मिठाइयां खिलाकर मुंह मीठा कराया। क्षेत्र के शिवद्वार, बरदिया, हिनौती, देवगढ़, बिसरेखी, कोहरथा, शिल्पी, गुरुवल, खुटहा, गुरेठ, लोहांडी, खरुआंव, सतौहा, विसुंधरी, भैंसवार, पेढ़ समेत तमाम गांवों में हर्षोल्लास के साथ और शांतिपूर्ण ढंग से होली मनी। महुली: क्षेत्र में गुरुवार को जमकर होली खेली गई। लोगों ने पारंपरिक होली गीतों पर जमकर ठुमके लगे। रेणुकूट: ग्रासिम इंडस्ट्रीज केमिकल डिविजन रेनुकूट में होली का आयोजन संस्थान के इकाई प्रमुख एसएन शास्त्री के अगुवाई में हुआ। यहां बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे होलिका दहन हुआ। फिर बृहस्पतिवार की सुबह से ही होली मिलन समारोह का आयोजन संस्थान के परिसर में स्थित छठ पार्क में धूमधाम से किया गया। इसमें लोगों के लिये रंग-गुलाल व विभिन्न प्रकार के व्यंजनों आदि की अच्छी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की सफलता पर मानव संसाधन विभाग के राजकुमार सिंह ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कुलदेवता की पूजा के बाद खूब खेला रंग
दुद्धी। रंगों का त्योहार होली नगर में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में उमंग देखा गया। होली के दिन सभी घरों के कुलदेवता की पूजा की गई। प्रसाद चढ़ाया गया। सुबह होते ही एक दूसरे को होली की शुभकानाएं देने का सिलसिला चलता रहा। आर्यन, गुनगुन, अक्षांश, आनवी, हर्षित, स्वास्तिक, मोमो, अंश, नेहाल ने अपने पिचकारी से सभी को भिगोया और जमकर होली खेली। होली पर अपने सगे संबंधियों और आते-जाते राहगीरों के ऊपर रंगों की बारिश की। होली पर विभिन्न स्थानों पर डीजे पर फाग गीतों की धुन पर लोग थिरकते रहे। उधर संकट मोचन तिराहे, मां काली मंदिर तिराहे पर परंपरागत तरीके से फाग गीतों से पूरा नगर गुलजार रहा। लोगों में हर रंग का असर देखा गया। नगर के गलियों व चौराहों पर पूरे दिन फाग की बयार बहती रही। शाम होते ही लोगों ने अबीर गुलाल लेकर अपने सगे संबंधियों के घरों पर जाकर एक दूसरे से गले मिले और बधाई दी। इस दौरान पुलिस फोर्स जगह-जगह हर चट्टी चौराहों पर तैनात रही।
प्रेम, भाईचारे के प्रतीक होली पर रंगे नजर आए चेहरे
ओबरा। बुधवार की देर शाम शुभ मुहूर्त में नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित होलिका में अलग अलग पंचांग के समयानुसार वैदिक मंत्रोचार के बीच आग लगाई गई। होलिका दहन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद रहर। वहीं, गुरुवार को प्रेम भाईचारे का प्रतीक रंगों का त्योहार होली पर्व नगर में धूमधाम व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस पर्व को लेकर बच्चों में सुबह से ही उत्साह बना हुआ था। सुबह करीब दस बजे के बाद नगर में युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं की कई टोलियां अपने परिचितों संग अबीर गुलाल लगाकर होली मनाने में जुटे हुए थे। ओबरा में रिहायसी कालोनी के अलावा बाजारों में भी होली मनाई गई। लोग ढोल, नगाड़ों की थाप पर थिरकते एक दूसरे को रंगते रहे। अधिकारियों अभियंताओं ने मुख्य महाप्रबंधक इं. सीपी मिश्रा के सानिद्ध में अपने अंदाज में होली खेली। नपं अध्यक्ष प्रानमती देवी एवं उनके पति इं.संजय सिंह बैसवार ने अपने आवास पर होली का पर्व एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर मनाया। श्रमिक संगठनों के कार्यालयों में कामगारों ने भी होली पर्व मनाया। मिलने जुलने अबीर गुलाल लगाकर शुभकामनाओं के आदान प्रदान तथा दावतों का सिलसिला दोपहर ढलने के बाद शुरू हुआ और आधी रात तक चलता रहो। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्षेत्राधिकारी डॉ. केजी सिंह की देखरेख में पुलिस और पीएसी क्षेत्र में मुस्तैद रही। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में गांव की होली का पुराना अंदाज जगह जगह देखने को मिला। जहां लोग ढोल मजीरा लेकर पुराने होली गीतों और जोगीरा गाकर होली मनाने में लगे थे।