सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कार्मिक लोकसभा अजय कुमार द्विवेदी ने निर्वाचन संबंधी कार्य मेें लापरवाही बरतने पर कार्यालयाध्यक्षों व कर्मचारियों का फरवरी माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। आनलाइन इलेक्शन पर्सनल डिप्लायमेंट सिस्टम से संबंधित साफ्टवेयर पर मतदान कार्मिकों का डाटा प्रशिक्षण देने के बावजूद उपलब्ध न कराने से डाटाबेस तैयार करने में आ रही दिक्कतों के मद्देनजर सीडीओ ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने वरिष्ठ कोषाधिकारी को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि डाटाबेस तैयार करने के लिए प्रपत्र-एक, दो व तीन पूरा न करने वाले कार्यालयाध्यक्षों, उनके सभी कार्मिकों का वेतन माह फरवरी का आहरित न किया जाय। सीडीओ ने कार्यालयाध्यक्षों को तत्काल प्रपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। प्रपत्र उपलब्ध न कराने के एवज में माह फरवरी का वेतन बाधित किया है। इन अधिकारियों में जिला अभिहित अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, निरीक्षक बाट-माप, डीपीओ, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अधीक्षक जिला जेल, सचिव मंडी समिति राबर्ट्सगंज व दुद्धी, एसडीओ मिर्जापुर नहर प्रखंड, एक्सईएन सोन यांत्रिक, विद्युत वितरण राबर्ट्सगंज व पिपरी, सीएमएस, सीएमओ, राजकीय बीमा चिकित्सालय पिपरी, डीएसटीओ, नियत प्राधिकारी विनियमित क्षेत्र राबर्ट्सगंज, एआरटीओ, जिला प्रोबेशन अधिकारी, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सोनभद्र, प्रधानाचार्य राजकीय कालेज पालिटेक्निक, सभी एसडीएम, तहसीलदार, सचिव साडा समेत अन्य आदि शामिल हैं। सीडीओ ने फार्म जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के पास उपलब्ध न कराने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने महाप्रबंधक एनसीएल, खड़िया, बीना, कृष्णशिला,ककरी, महाप्रबंधक एनटीपीसी, शक्तिनगर, रिहंद व बीजपुर को भी तत्काल कार्मिकों की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।