घोरावल। नगर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पिकअप काफी नीचे लटक रहे हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आ गया। तारों में आग लग गई। संयोग रहा कि बड़ा हादसा टल गया।
घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दक्षिण दिशा में अस्पताल रोड की दक्षिणी पटरी पर पिछले करीब एक वर्ष से हाईवोल्टेज तार जमीन से मात्र तीन फीट ऊपर लटक रहा है जो खतरे का सबब बना हुआ है। इसमें कवर्ड और नंगे तार भी हैं। इस सिंगल सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन व पैदल आवागमन होता रहता है और यहां जगह खाली होने से लोग अपने वाहनों को भी खड़ा करते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक पिकअप कुछ सामान व आधा दर्जन सवारियों को लेकर वहां से गुजर रहा था। उसी दौरान लटक रहे एक ठेले से पास लेने में पिकअप हाईवोल्टेज तारों की जद में आ गया। इससे तार आपस में सटकर जलने लगे। चालक व सवारी पिकअप से कूदकर जान बचाए। संयोग रहा कि पिकअप में करेंट नही उतरा वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। इस संबंध में एसडीओ चंद्रभूषण ने कहा कि लटक रहे हाईवोल्टेज तारों जल्द से जल्द दुरुस्त करा दिया जाएगा।