दुद्धी। संकट मोचन तिराहा परिसर में विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति की तरफ से शनिवार की देर शाम भरत मिलाप का आयोजन किया गया। लंका पर विजय प्राप्त कर प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे तो सभी नगरवासियों के आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं भाई भरत का अगाध प्रेम देख प्रभु श्रीराम की भी आंखें सजल हो उठीं।
नगर में राम, लक्ष्मण, जानकी और हनुमान की निकली शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद देर शाम संकट मोचन मंदिर पहुँची। वहां पहले से भाई राम का इंतेजार कर रहे भरत दौड़ कर उनके रथ के पास पहुचते हैं और उनका पैर पकड़ कर फूट-फूट कर रोने लगते हैं। प्रभु श्रीराम उन्हें उठाकर गले लगाते हैं। दोनों भाइयों के अगाध प्रेम को देखकर सभी नगरवासियों की आंखे भर आती हैं। इसके पश्चात भरत प्रभु श्रीराम को बिठाकर उनके चरणों को जल से धुलते हैं और रोते रहते है एक भाई के अपने भाई से इस प्रकार 14 वर्षो बाद मिलने का मार्मिक क्षण देख पूरा जनमानस श्रद्धानत हो उठता है। मिलाप के दौरान मंदिर के ऊपर से लगातार पुष्प वर्षा होती रही। सुरक्षा के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल डॉ. अवधेश सिंह,सीओ सुनील कुमार विश्नोई की अगुवाई वाली पुलिस टीम, दुद्धी सहित कई थानों के थानाध्यक्ष मुस्तैद रहे। इस नजारे को निहारने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी रही, जिसे संभालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस मौके पर एसडीएम रामचंद्र, रामलीला कमेटी अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, महामंत्री आलोक अग्रहरि , जय बजरंग अखाड़ा कमेटी अध्यक्ष कन्हैया अग्रहरि, महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, रविंद्र जायसवाल, संदीप गुप्ता, दिनेश अग्रहरि, अक्षैवरनाथ, कमलेश कमल सिंह, राजकुमार अग्रहरि आदि मौजूद रहे।