शक्तिनगर। भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय सभागार में शुक्रवार को हिंदी ज्ञान फाइनल प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। विजेताओं व प्रतिभागियों को हिंदी दिवस के मौके पर पुरस्कृत किया जाएगा।
हिन्दी ज्ञान प्रतियोगिता का फाइनल शुक्रवार को हुआ। इसमें कंपनी पोषित 10 विद्यालयों से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर चयनित कुल 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। फाइनल प्रतियोगिता का परिणाम 14 सितंबर को हिंदी दिवस पर घोषित होगी। इसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभाग करने वाले अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। फाइनल प्रतियोगिता के दौरान एनसीएल के राजभाषा विभाग के विभागाध्यक्ष अजय कुमार चौधरी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फाइनल में शामिल विद्यार्थियों से राजभाषा नियम, अधिनियम, राजभाषा से जुड़े प्रावधान, व्याकरण, हिंदी साहित्य का संक्षिप्त इतिहास, हिंदी से जुड़ी समसामयिक महत्व की खबरों से संबंधित 70 प्रश्न पूछे गए थे।