दुद्धी/केकराही। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर के पास शुक्रवार की सुबह बोलेरो की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्र अजय (15) की मौत हो गई। वहीं दुद्धी मेें दो बाइक की टक्कर में मासूम समेत तीन घायल हो गए।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे राबर्ट्सगंज क्षेत्र कुसाही गांव निवासी अजय पुत्र राधे साइकिल से ट्यूशन के लिए मधुपुर जा रहा था। अभी मधुपुर बाजार के पास पहुंचा ही था कि वाराणसी से हिंदुआरी की ओर जा रही बोलेरो ने अजय को टक्कर मार दी। बोलेरो में साइकिल फंस कर घसीटते हुए कुछ दूर तक गई। स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को कस्बा स्थित पीएचसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही अजय के परिजन उसे बीएचयू लेकर रवाना हुए। लेकिन रास्ते में ही छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने वाराणसी में ही शव का अंतिम संस्कार किया।
दुद्धी संवाददाता के अनुसार कस्बे में गुरुवार की रात करीब दस बजे दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल दुद्धी कस्बे के वार्ड चार निवासी रत्नेश (18), म्योरपुर क्षेत्र के लिलासी गांव निवासी रोशन (10) को जिला अस्पताल और वहां से ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर किया।