सोनभद्र। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार लाने के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। इसमें परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज चलाये जाने के लिए लैपटॉप की व्यवस्था कराने के साथ ही चिह्नित स्कूलों में स्मार्ट क्लास की अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी(बीएसए) को दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में प्रथम चरण में ब्लॉकवार स्कूलों का चिह्नांकन करके लैपटॉप के जरिए स्मार्ट क्लास संचालित किया जाए। ब्लॉक स्तरीय बीआरसी सेंटर पर लैपटॉप की व्यवस्था करायी जाए। उन्होंने विकास खंडवार तीन-तीन अच्छे बच्चे व तीन-तीन खराब किस्म के बच्चों का प्रजेंटेशन जिला स्तर पर कराने को कहा। म्योरपुर ब्लॉक के स्कूली बच्चों का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम 18 जनवरी को करने का निर्देश दिया। उन्होंने गुणवत्ता परीक्षा पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता परीक्षा के लिए जहां तीन-तीन बच्चों को जिला स्तरीय प्रतिभा खोज में शामिल किया जाए,, वहीं शिक्षा में रूचि न लेने वाले बच्चों को भी बुलाया जाय और उनके रहन-सहन वगैरह के बारे में समीक्षा किया जाए। बैठक में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएएस अंकुर लाठर, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल एवं समस्त खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।