सोनभद्र (बभनी/म्योरपुर)। बभनी ब्लॉक का हथियार एवं म्योरपुर ब्लॉक का रनटोला गांव ओडीएफ गांव घोषित होने पर मंगलवार को गौरव यात्रा निकाली गयी। सीडीओ रामाश्रय ने दीप प्रज्ज्वलित कर गांवों को बारी-बारी से ओडीएफ घोषित किया। सीडीओ ने कहा कि हथियार गांव बभनी ब्लॉक का दूसरा गांव ओडीएफ घोषित हुआ है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील किया कि जनपद के सभी ग्राम पंचायतों को ओडीएफ बनाना है। इसके लिए सभी ग्राम प्रधानों को मेहनत करना होगा। कहा कि शौचालय के लिए सरकार की ओर से 12 हजार की धनराशि अनुदान मे दी जा रही है। इसका शत-प्रतिशत लोग लाभ उठायें। कहा कि इस गांव में प्रत्येक वर्ष 17 अक्तूबर को उत्सव के रूप में मनाया जाए। एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव को निर्देशित किया कि ब्लॉक के अन्य ग्राम पंचायतों को भी ओडीएफ बनायें। डीपीआरओ आरके भारती, बीडीओ जेएन राव, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अवनीश कुमार, जिला कार्यक्रम समन्यवक किरन सिंह, अनिल केशरी, सेक्रेटरी अरूण सिंह, अजय सिंह, पार्थराज सिंह, ग्राम प्रधान देवकुमार, जगदीश सिंह, अजय यादव, रामकुमार यादव आदि मौजूद रहे। उधर म्योरपुर ब्लॉक के रनटोला ग्राम पंचायत में मंगलवार को गौरव यात्रा निकाल कर खुले में शौचमुक्त घोषित किया गया। सीडीओ रामाश्रय की अगुवाई में निकली गौरव यात्रा के बाद प्राथमिक विद्यालय मेनरहवा टोला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीडीओ रामाश्रय ने कहा कि जनपद में 165 गांव शौच मुक्त हो गए हैं। म्योरपुर ब्लॉक का पहला गांव रनटोला ओडीएफ के रूप में घोषित किया गया है। कहा कि खुले में शौच से मुक्ति पाकर बीमारियों से बचा सकते हैं। भारतीयों के प्रण लेने के बाद अंग्रेजों को वापस जाना पड़ा था और देश आजाद हुआ था। इसी तरह हम सबको प्रण लेना होगा उसके बाद ही हम गंदगी और शौच मुक्त से आजादी पा सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला समन्यवक अनिल केसरी ने कहा कि शौच मुक्त गांव को बनाकर हम हर स्तर से गांव का विकास कर सकते हैं। बीडीओ डीपी वर्मा, एडीओ पंचायत काशीराम ठाकुर, प्रेमनाथ चौबे, डॉ. राजीव रंजन, ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, केके सिंह, आशा यादव, राजबहादुर, सुरेंद्र कुमार, सरला देवी, राजश्री राय आदि मौजूद रही।