सोनभद्र। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर राबर्ट्सगंज में जुलूस निकाला। सोनभद्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। सीएमओ कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और डिप्टी सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। फिर नारेबाजी करते हुए सदर तहसील पहुंचे जहां धरना दिया। यहां नायब तहसीलदार को राज्यपाल के नाम संबोधित 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा।
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता मंगलवार को राबर्ट्सगंज के दंडईत बाबा मंदिर पर इकट्ठा हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर पहुंचा। यहां अवैध नर्सिंग होमों का संचालन बंद कराने की मांग को लेकर डिप्टी सीएमओ को कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। फिर नारेबाजी करते हुए सदर तहसील परिसर में पहुंचे, जहां जुलूस धरना में तब्दील हो गया। यहां सभा में जनता दल यू के पूर्व जिलाध्यक्ष रामभरोसे सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से जिला ही नहीं पूरे प्रदेश में अराजकता, भय, भ्रष्टाचार, वादा खिलाफी, शोषण का माहौल पैदा हो गया है। इतना ही नहीं वर्तमान प्रदेश सरकार अपने गलत नीतियों को दबाने के लिए विरोधियों को दबा रही है। न मानने पर फर्जी मुकदमें कर रही है। रालोद के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पटेल ने कहा कि सोनभद्र में समस्याओं का अंबार है।अवर्षण के चलते किसानों की खरीफ की खड़ी फसल सूख गई है। किसानों को उनके उत्पादन का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सीएमओ कार्यालय पूरी तरह से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। झोलाछाप डॉक्टर नर्सिंग होम चला रहे हैं। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में इकबाल अहमद, श्यामानंद, कादिर खां, कुलदीप पुरी, वीरेंद्र दूबे, कैलाश बिंद, अमरनाथ चेरो मौजूद रहे।