सोनभद्र (रेणुकूट)। नगर में सोमवार को पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की तीन अपाची बाइक बरामद की है। इनके निशानदेही पर चोरी की दो और अपाची बाइक बरामद हुई है। पूछताछ कर चोरों का चालान कर दिया गया।
सोमवार को पिपरी थाने में पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले दिनों पिपरी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की कई घटनाएं हुई थी। खुलासे के लिए सोमवार की सुबह रेणुकूट मेें बीजपुर तिराहे के पास पिपरी थानाध्यक्ष वीरेंद्र विक्रम सिंह, चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश सिंह वाहनों की जांच कर रहे थे। उसी वक्त खाड़पाथर गांव की तरफ से तीन अपाची मोटर साइकल से युवक आते हुए दिखे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने इशारा किया तो वे भागने लगे। तीनों को पकड़ लिया गया। मांगने पर वह लोग कागजात नहीं दिखा सके। एसपी ने बताया कि पूछताछ में उनकी पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के खंडवा थाना क्षेत्र पके करंडा गांव एवं हाल पता वार्ड नंबर 12 पिपरी निवासी धीरज विश्वकर्मा, गाजीपुर जिले के भवरकोल थाना क्षेत्र के कुंडेश्वर एवं वर्तमान पता विश्वकर्मा नगर रेणुकूट के मोहित यादव और झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के कुम्हारी गांव निवासी नकुल विश्वकर्मा के रूप में हुई। उनकी निशानदेही पर मोटरसाइकिल चोरी की अपाची, स्टार मोटरसाइकल बरामद हुई। एसपी पुलिस टीम को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।