अनपरा। एनसीएल बीना आवासीय परिसर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में गुरूवार को विश्व हिन्दी दिवस धूम-धाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्रोच्चारण एवं ईश वंदना से हुआ। प्राधानाचार्य अरविन्द कुमार ने हिन्दी भाषा के महत्व तथा उसकी आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हिन्दी भाषा में रोजगार की असीम संभावनाएं है। लेखन, प्रिंट मिडिया, फिल्म, टेलीविजन विज्ञापन, सरकारी, गैर सरकारी क्षेत्रों, शिक्षक, अनुवाद इत्यादि में इस भाषा से अवसर तलाशे जा सकते है। भारत विश्व के लिए एक खुला बाजार है, इसलिए विदेशी कम्पनियां अपने उत्पादों की बिक्री के लिए ऐसे अभ्यर्थियों को महत्व देती है जो हिन्दी जानता है। हिन्दी भारतीयों के लिए संस्कार एवं सभ्यता की भाषा है। हिन्दी भाषा एवं इसके साहित्य पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगायी गयी। जिसमें हिन्दी कवियों एवं लेखकों का जीवनवृत्त एवं कविताएं, कहानियां, हिन्दी साहित्य के इतिहास का विवरण, रस अलंकार इत्यादि विषयों पर प्रकाश डाला गया। छात्र-छात्राओं को विश्व हिन्दी दिवस पर स्टीकर भी बाटा गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. प्रेमा देवी, आभा गौतम, पूनम कुलश्रेष्ठा, सुनिता मिश्रा, रश्मि देवी, रश्मिता तिवारी, रमेश त्रिपाठी, भाषा मिश्रा की भूमिका महत्वपूर्ण रहीं। कार्यक्रम का संचालन पूनम कुलश्रेष्ठा एवं छायांकन शशिकांत ने किया।