सोनभद्र। केंद्र सरकार की तरफ से खेल को बढ़ावा देने के लिए सीबीएसई से संबद्ध सभी कॉलेजों में अध्ययनरत नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं का हेल्थ कार्ड अनिवार्य किया गया है। इसमें प्रत्येक छात्र का ब्लड ग्रुप, स्वास्थ्य जांच सहित प्रोफाइल तैयार की जाएगी। अधिकांश स्कूलों में छात्र-छात्राओं का हेल्थ कार्ड बनाने का कार्य शुरू हो गया है। अभी तक नौ हजार का कार्ड बन भी चुका है।
केंद्र सरकार ने खेल को बढ़ावा देने के लिए सीबीएसई स्कूलों में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को भी खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने के लिए संबंधितों को निर्देशित किया है। हालांकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का हेल्थ कार्ड होना जरूरी कर दिया गया है। कार्ड में विद्यार्थी का ब्लड ग्रुप, आंख, कान समेत शरीर के अन्य अंग की जांच की रिपोर्ट होगी। प्रतियोगिता में चयन करने वाले हेल्थ कार्ड से पता करेंगे कि कौन सा प्रतिभागी प्रतिभाग करने में सक्षम है। डीआईओएस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सीबीएसई से संबद्ध हाईस्कूल एवं इंटर के 34 स्कूल है। इन स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा नौ, 10, 11 और 12वीं के छात्र-छात्राओं का हेल्थ कार्ड बनाने कार्य शुरू कर दिया गया है। डीएवी विद्यालय अनपरा के प्रिंसिपल एके सिंह ने बताया कि अब तक सीबीएसई के कक्षा नौ से 12वीं तक के करीब नौ हजार छात्र-छात्राओं का हेल्थ कार्ड बनाया जा चुका है। बचे छात्र-छात्राओं का कार्ड बनाने का कार्य जारी है।