सोनभद्र। विंध्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पतंजलि योग समिति की ओर से चल रहे 25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें योग से होने वाले लाभ और तनाव रहित जीवन जीने की कला के बारे में जानकारी दी गई। रविवार को हवन पूजन के बाद प्रशस्ति पत्र वितरण का निर्णय लिया गया।
प्रशिक्षण प्रमुख योग शिक्षक ओम प्रकाश यादव ने योग के विभिन्न आयामों के बारे में लोगों को जानकारी दी। प्राणायम, सूर्य नमस्कार से लेकर कई अन्य योग के तरीके बताए। योग के जरिए बीमारियों से निजात दिलाने के बारे में भी योग प्रशिक्षुओं को बताया। योग शिक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों को योग से होने वाले लाभ तथा तनाव रहित जीवन जीने की कला के बारे में बताया। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन प्रशिक्षणार्थियों ने सह योग शिक्षक बनने के लिए परीक्षा भी दी। इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थियों को 29 अप्रैल को सुबह सात बजे हवन पूजन के बाद प्रशस्ति पत्र वितरित किया जायेगा। इस दौरान सुनील कुमार श्रीवास्तव, रामबाबू राय, रवि प्रकाश त्रिपाठी, सुनील कुमार चौबे, मोहर देव पांडेय, चंद्रकांत मिश्रा, रवि पांडेय व धर्मेंद्र चौरसिया मौजूद रहे।