घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव में मंगलवार की शाम हैंडपंप से पानी भरने को लेकर दो पक्षों मेें विवाद हो गया। मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से मां-बेटी की पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया। सीएचसी घोरावल में घायलों का उपचार हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शाम करीब पौने सात बजे श्रीपति पत्नी रामसेवक व उसकी बेटी पूजा हैंडपंप पर पानी भर रही थी। उसी वक्त कुछ अन्य लोग पानी भरने के लिए वहां पहुंचे। पानी भरने को लेकर श्रीपति और एक व्यक्ति में कहासुनी शुरू हो गई। इससे नाराज होकर कुछ लोगों ने श्रीपति और उसकी बेटी की पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे पिटाई करने वाले घायलों को धमकी देते हुए फरार हो गए। रात में ही ग्रामीणों की मदद से घरवाले श्रीपति (40) और पूजा(13) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। पुलिस ने बताया कि पीड़िता श्रीपति की तहरीर पर सूर्यबली, दुर्गावती, मीरा और खुशबू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।