सोनभद्र। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे के दौरान हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में मृत दोनों युवकों और घायलों ने हेलमेट नहीं पहने थे। राजकीय अस्पतालों में घायलों का उपचार हुआ। जिला अस्पताल में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
जिला अस्पताल में सड़क हादसे में घायल मारकुंडी निवासी विनय (21), राबर्ट्सगंज निवासी सोनू (35), जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गवा गांव निवासी सुखराम, रायपुर थाना क्षेत्र के सिकरिया निवासी लक्ष्मण (25), चेरूई निवासी बलदेव (25), दुद्धी के रामनगर निवासी कन्हैया लाल का उपचार हुआ। केकराही: राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बगही गांव के समीप मिर्जापुर-हिंदुआरी मार्ग पर गुरुवार की रात करीब आठ बजे बाइक और स्कूटी में टक्कर हो गई। दुर्घटना में भोगर गांव निवासी बलेंद्र (26) की मौत हो गई। वहीं सूरज (16) और स्कूटी सवार महुलिया निवासी राजू सिंह (40) घायल हो गया। जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने राजू को बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। चोपन: थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव में शुक्रवार की दोपहर लगभग ढाई बजे बेकाबू होकर एक बाइक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर निवासी रामू (32) की सिर में चोट लगने से मौत हो गई। जबकि बरगवां गांव निवासी सुक्खू (28) घायल हो गया। रामू अपने घर से जुगैल थाना क्षेत्र के बरगवां गांव में ससुराल गया था। वहां से लौटते वक्त सिंदुअरिया गांव के समीप बाइक पेड़ से टकरा गई। घटना की सुचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल ले गई। कोन: थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रक्ष के खडार टोला के समीप रात करीब नौ बजे आटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। कोटा की तरफ से आ रही आटो की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्क्कर हो गई। कोन से लौट रहे ओबरा क्षेत्राधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह पड़रछ के झिरगडंडी टोला निवासी आटो चालक आशुतोष जायसवाल व बाइक सवार सगे भाई पड़रछ के मनरिया टोला निवासी प्रवेश व शिवकुमार को अपनी गाड़ी से सीएचसी चोपन ले गए। घटना की सूचना मिलने पर घायलों के घरवाले भी पहुंच गए। दुद्धी: हाथीनाला थाना क्षेत्र के डाइवर्सिटी पार्क पुलिया के पास शनिवार की सुबह करीब नौ बजे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने एंबुलेंस से बाइक सवार घायल दानों युवक को सीएचसी दुद्धी ले गई। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भरवाही राजा चतरा निवासी नाजिर अली (45) अब्बास अली (60) को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने बाइक में टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे मेें ले लिया है।