सोनभद्र। साइबर क्राइम का एक और युवक शिकार हो गया। ठगों ने रंजेश कुमार से उसका एटीएम का कोड पूछकर खाते से 15 हजार रुपये उड़ा दिए। रंजेश के मोबाइल पर रुपये निकालने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए।
बताते चले कि जिले से सटे झारखंड प्रांत के गढ़वा निवासी रंजेश राबर्ट्सगंज नगर में किराये के मकान में रहता है। रंजेश ठेले पर मौसमी फल समेत अन्य सामान बेचकर जीवकोपार्जन करता है। रंजेश के मुताबिक रविवार की शाम करीब पांच उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल कर बोला कि एटीएम बंद होने वाला है। एटीएम को चालू रखना है तो उसका कोड बताइए, ताकि नया कोड आपको जारी किया जा सके। उसकी बातों में आकर उसने अपना कोड बता दिया। घंटे भर बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 15 हजार रुपये निकाल लिया गया है। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति एटीएम या तो बैंक के खाते का नंबर मांगता है तो उसे कदापि न बताएं और नजदीकी थाने या पुलिस चौकी को तत्काल जिस नंबर से फोन आया हो उसके बारे में जानकारी दी।