ऊर्जांचल परिक्षेत्र सहित पूरे जिले में गुरुवार से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई। पहले दिन सुबह साढ़े दस बजे से इंटर अंग्रेजी की परीक्षा हुई। इसमें 1600 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1582 ने परीक्षा दी। 18 विद्यार्थी गैरहाजिर पाए गए। बोर्ड की तरफ से भेजे गए पर्यवेक्षकों के दल के साथ प्रधानाचार्यों की अगुवाई में सचल दस्ता निगरानी में जुटा रहा।
अनपरा, बीना, परासी, शक्तिनगर और खड़िया स्थित सीबीएसई माध्यम स्कूलों के इंटर के 767 विद्यार्थियों ने शक्तिनगर स्थित संत जोसेफ स्कूल और केंद्रीय विद्यालय में इम्तिहान दिया। इसी तरह केंद्रीय विद्यालय रिहंदनगर, आदित्य बिड़ला रेणुकूट, निर्मला कान्वेंट स्कूल रेणुकूट, केंद्रीय विद्यालय चोपन, संत जोसेफ स्कूल राबर्ट्सगंज और डीएवी स्कूल राबर्ट्सगंज में इंटर के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इन सभी परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार से हाईस्कूल की भी परीक्षा शुरू हो जाएगी। हाईस्कूल में भी पहले दिन अंग्रेजी का इम्तिहान लिया जाएगा। सीबीएसई बोर्ड के जिले के कोआर्डिनेटर (परीक्षा समन्वयक) एके सिंह ने बताया कि गुरुवार को इंटर अंग्रेजी की परीक्षा ली गई, जिसमें पंजीकृत 16 सौ विद्यार्थियों में 18 गैरहाजिर रहे।
बीजपुर: परियोजना कालोनी स्थित केंद्रीय विद्यालय में डीएवी, सेंट जोसेफ और केंद्रीय विद्यालय के बारहवीं के 120 विद्यार्थियों ने इम्तिहान दिया। प्रधानाचार्य आरके भारती ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से वाराणसी के वीके तिवारी को केंद्र अधीक्षक और विनोद कुमार पांडेय को पर्यवेक्षक के रूप में यहां तैनात किया गया है।