सोनभद्र। प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना के तहत हजारों अपात्रों का चयन कर उन्हें गैस का कनेक्शन दे दिया गया है। इसका खुलासा केंद्र की चार्ज टीम के सर्वे में हुआ। टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद इंडियन ऑयल नेे करीब चार हजार उपभोक्ताओं का कनेक्शन सरेंडर कराने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पहले चरण में केंद्र सरकार के निर्देश पर वर्ष 2011 के आर्थिक एवं सामाजिक जनगणना के अनुसार उज्जवला गैस योजना के तहत पात्रों को मुफ्त में घरेलू गैस कनेक्शन कर सिलेंडर, रेगुलेटर, चूल्हा आदि देने का कार्य शुरू हुआ। द्वितीय चरण में प्रधानमंत्री आवास योजना, अंत्योदय कार्डधारक और अनुसूचित जाति के ऐसे लोगों को गैस सिलेंडर कनेक्शन देने का फरमान जारी हुआ जिनके पास नहीं था। तृतीय चरण में पात्र गृहस्थी के जिन कार्डधारकों के पास कनेक्शन नहीं था उनको देने का निर्देश हुआ। इस योजना के तहत अभी तक करीब 33 हजार लाभार्थियों को कनेक्शन दिया जा चुका है। इनमें हजारों लोग ऐसे भी शामिल है जो पात्रता की श्रेणी में नहीं आते हैं। इसका खुलास सेंट्रल टीम के जांच करने पर हुआ है। इस संबंध में इंडियल ऑयल के जिला प्रभारी अजय के मुताबिक सेंट्रल की चार्ज टीम ने उज्जवला गैस योजना के तहत चयनित लाभार्थियों का सर्वे की तो पता चला कि करीब चार हजार अपात्रों को चयनित किया गया है। टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद अपात्र लोगों का कनेक्शन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर जिलापूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने उज्जवला गैस योजना के तहत अपात्र व्यक्तियों का भी चयन किए जाने पर अभिज्ञनता जताई।