सोनभद्र। जिले के 16 प्राथमिक विद्यालयों को अब उच्चीकृत कर उच्च प्राथमिक विद्यालय बनाया जाएगा। इसको लेकर लिस्ट तैयार कर शासन को अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया हैं। स्वीकृति मिलने पर इन क्षेत्रों के बच्चों को उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षा के लिए घर से ज्यादा दूर न जाना होगा। बेसिक शिक्षा विभाग से मिली जानकारी पर गौर करें तो घोरावल ब्लॉक में बकौली, नगवां में बिछिया, चोपन में बाड़ी, बड़प, परसवां, सिधहवां डाड़, भदही, बाड़ी के प्राथमिक विद्यालय को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शिक्षा निदेशालय को भेजा गया है। इसी तरह म्योरपुर ब्लाक के हरिजन बस्ती, पूर्वी टोला, संचिराडाड़, करछनहवां, देवहार पश्चिमी, दुद्धी ब्लॉक के वासीन और बभनी ब्लॉक सड़क टोला व भिसुर को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इन विद्यालयों के उच्चीकृत होने से बच्चों को गांव से दूर शिक्षा ग्रहण करने के लिए नहीं जाना होगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों को उच्चीकृत करने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। वहां से प्रस्ताव स्वीकृति के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।