शक्तिनगर। एनटीपीसी सिंगरौली में बालिका सशक्तीकरण अभियान का रविवार की सायं विविध कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ।
मुख्य अतिथि एनटीपीसी नई दिल्ली के कार्यकारी निदेशक एम एस डी भटटा मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के सर्वागींण विकास का शुभारंभ है। सिंगरौली परियोजना मुख्य महाप्रबंधक देवाषीष सेन ने कहा कि बालिका सशक्तीकरण कार्यक्रम एनटीपीसी के सामाजिक गतिविधियों में सर्वोत्कृष्ट कार्यक्रम है। बालिका सशक्तीकरण से पूरा समाज मजबूत होता है। अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन अनिल कुमार जाडली ने अतिथियों का स्वागत किया। 22 मई से 17 जून तक संचालित बालिका सशक्तीकरण अभियान में विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं मुख्य महाप्रबंधक सिंगरौली को बालिकाओं ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बालिकाओं ने गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। ग्रामीण बालिकाओं ने डांस, भाषण, गीत आदि प्रस्तुत कर वाह-वाही लूटी। इस दौरान बालिकाओं द्वारा तैयार की गयी वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। शिविर की विशेष उपलब्धि ग्रामीण बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, आत्मसुरक्षा, आत्म विकास की जागृत चेतना रही । प्रतिभागी बालिकाओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान की गई। इस मौके पर महाप्रबंधक एस सी नायक, प्रभात कुमार, संजय मिश्रा आदि मौजूद थे।