सिंगरौली। एनसीएल द्वारा चलाए जा रहे वसुधा महोत्सव अभियान के तहत कोयला परियोजनाओं में मंगलवार को सेव एनवार्नमेंट, सेव लाइफ पर आधारित रैली निकाली गई।
निगाही परियोजना आवासीय परिसर में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक हरीश दुहन ने झंडी दिखाकर पर्यावरण रैली को रवाना किया। प्रतिभागी बच्चों को पर्यावरणीय संरक्षण के नुस्खे बताए और बच्चों के साथ संवाद किया। रैली निगाही स्टेडियम से शुरू होकर सेक्टर-2, बी-टाईप, पुराना शॉपिंग सेंटर, सेक्टर-1, माइनर्स कॉलोनी का भ्रमण कर निगाही स्टेडियम में समाप्त हुई। रैली में बच्चों ने पर्यावरण जागरूकता फैलाने वाले नारे लगाए और लोगों को वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने, जल, बिजली एवं ईंधन बचाने तथा स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया। रैली समाप्ति के बाद प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली। दुधीचुआ परियोजना आवासीय परिसर स्थित डीएवी, दुधीचुआ के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण जागरूकता रैली निकाल कालोनी वासियों को पर्यावरण बचाने के प्रति प्रोत्साहित किया। महाप्रबंधक बिपिन कुमार ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। केंद्रीय कर्मशाला आवासीय परिसर में भी पर्यावरण जागरूकता निकाली गई। नेहरू शताब्दी चिकित्सालय परिसर में मुख्य चिकित्सा सेवाएं डॉ उमाशंकर ने टीम के साथ पौध रोपण किया। वसुधा महोत्सव का समापन बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस मनाने के साथ होगा व विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।