रेणुकूट। हिण्डाल्को स्टाफ क्लब परिसर में तीन दिवसीय रात्रिकालीन कैनवास बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न हो गई। इसमें 32 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में दो टीमें ब्लू स्टार और राइजिंग सुपरस्टार पहुंची। दोनों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में ब्लू स्टार ने राइजिंग सुपरस्टार को तीन विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन हिण्डाल्को क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं ईआर हेड अजीत कुमार तिवारी ने किया। मैच के मुख्य अतिथि हिण्डाल्को स्पोर्ट्स कौंसिल के चेयरमैन एवं एचआर हेड सतीश आनंद ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मैच नॉकआउट बेसिस पर खेला गया।
ब्लू स्टार टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। राइजिंग सुपरस्टार की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में 33 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू स्टार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में 34 रन बना कर तीन विकेट से ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुख्य अतिथि सतीश आनंद ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार से सम्मानित किया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब ब्लू स्टार टीम के मोनू तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब ब्लू स्टार के विपिन को दिया गया। ऑल राउंडर का खिताब हिण्डाल्को इलेवन के विजय नारायण को दिया गया। अंपायर की भूमिका में अभिषेक साहनी, विजय नारायण, जीएन सिंह रहे। एसबी सिंह ने कॉमेंट्री की। स्टाफ क्लब के प्रेसिडेंट आरपी सिंह, संजय सिंह, विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन स्टाफ क्लब के प्रशासक राजेश कुमार इंदौलिया ने किया।