सोनभद्र। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज लोढ़ी में बृहस्पतिवार को मतगणना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने मतगणना स्थल पर अभिकर्ताओं के मोबाइल ले जाने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। कॉलेश के प्रवेश द्वार पर तैनात फोर्स अभिक्ताओं की सघन तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने देगी। चोरी-छिपे मोबाइल ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। चारों विधान सभा की 56 टेबल पर वोटों की गिनती की जाएगी।
19 मई को राबर्ट्सगंज संसदीय सीट के लिए घोरावल, राबर्ट्र्सगंज, ओबरा, दुद्धी और चकिया विधान सभा क्षेत्र के 1722163 मतदाताओं में से 987357 वोटरों ने 12 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद की है। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज लोढ़ी में घोरावल, राबट्र्सगंज, ओबरा, दुद्धी विधान सभा के वोटों की गिनती होगी, जबकि चंदौली में चकिया विधान सभा क्षेत्र की मतगणना होगी।
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना को निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे से अलग-अलग कमरे में चारों विधान सभा के वोटों की गिनती वीडियो कैमरे की नजर में शुरू होगी। लेकिन सुबह छह बजे से ही प्रत्याशियों के एजेंटों को मतगणना स्थल पर जाने की अनुमति मिल जाएगी। अपर जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल पर कोई भी एजेंट, मोबाइल लेकर नहीं जाएगा। अगर सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर कोई ले गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।