सोनभद्र। चुनाव को संपन्न कराने के बाद अब मतगणना का कार्य सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने रणनीति तैयार कर ली है। वोटों की गिनती शुरू होने से तीन घंटे पूर्व मतगणना स्थल को फोर्स को हवाले कर दिया जाएगा। चारों तरफ चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार को विजय जुलूस निकालने पर रोक रहेगी। सुरक्षा के घेरे में पुलिसकर्मी विजयी प्रत्याशी को उसके घर तक पहुंचाएंगे।
लोकसभा के लिए मतदान होने के बाद अब सबकी निगाहें मतगणना पर है। प्रत्याशी से लेकर उनके समर्थक और आम जनता 23 मई को होने वाली वोटों की गिनती का इंतजार कर रही है। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज में मतगणना होगी। कॉलेज के बाहर कई उम्मीदवार अपने समर्थकों को बैठने के लिए छांव के लिए टेंट लगवाने के साथ ही शुद्ध पेयजल का भी प्रबंध कराने की तैयारी में जुट गए है।
पुलिस प्रशासन भी मतगणना को लेकर सक्रिय हो गई है। राजमार्ग से लेकर मतगणना कक्ष तक जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जरूरत के अनुसार थाना प्रभारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। कॉलेज के पीछे पहाड़ों भी सीआरपीएफ के जवान भ्रमणशील रहेंगे, ताकि कोई भी अराजक तत्व व्यवधान उत्पन्न न कर सकें। मतगणना स्थल पर द्वय एएसपी और छह सीओ भी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहेंगे। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू है, इसलिए विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं रहेगी। रोक के बावजूद जो लोग जुलूस निकालेंगे उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।