सोनभद्र। मतदान के बाद अब मतगणना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने रॉबर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र के लिए मतों की गणना राजकीय पालिटेक्निक कालेज में 23 मई की सुबह आठ बजे से की जाएगी। यहां विधान सभा क्षेत्र घोरावल, राबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी में पड़े वोटों की गिनती होगी। वहीं पूरे संसदीय क्षेत्र के डाक मतपत्रों को भी गिना जाएगा। प्रत्येक विधान सभा में 16-16 टेबल लगेंगें, जिसमें 14 मतगणना टेबल और दो सहायक निर्वाचन अधिकारी के टेबल होंगे।
मतगणना की तैयारियों के क्रम में सोमवार को प्रेक्षक सामान्य डॉ. गोडाला किरन कुमार की मौजूदगी में पालीटेक्निक कालेज परिसर में जिले की चारों विधान सभाओं में कराए गए मतदान से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज पीठासीन अधिकारी की डायरी, फार्म-17सी मतपत्र लेखा, फार्म-17ए मतदाता पुस्तिका, माईक्रो आब्जर्वर रिपोर्ट का स्क्रूटनी/सूक्ष्म परीक्षण किया।
इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने पालीटेक्निक कालेज का सुरक्षा के मद्देनजर जायजा लिया। चारों विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम में बंद ईवीएम के सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, डिप्टी कलेक्टर सुशील यादव, राज कुमार, उप जिलाधिकारी राबर्ट्सगंज यमुनाधर चैहान, दुद्धी डॉ. कृपाशंकर पांडेय, घोरावल वीपी तिवारी आदि मौजूद रहे।
दो पालियों में मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण 21 को
सोनभद्र। सीडीओ/प्रभारी अधिकारी कार्मिक अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि 23 मई को होने वाली मतगणना के लिए मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 21 मई (मंगलवार) को दो पालियों में कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में दिया जाएगा। मतगणना टेबल टीम संख्या एक से 38 तक का प्रशिक्षण प्रथम पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली में मतगणना टेबल टीम संख्या 39 से 76 तक का प्रशिक्षण दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगा।
परिणाम की जानकारी के लिए अतिरिक्त कार्मिक तैनात
सोनभद्र। एक नियमित अंतराल पर विधानसभावार परिणाम की जानकारी मिलती रहे, इसके लिए मीडिया सेंटर में चार अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था की गई है। दूसरे संसदीय क्षेत्रो के परिणाम की भी जानकारी मिलती रहे, इसके लिए मीडिया सेंटर में टेलीविजन भी लगाया जाएगा।