म्योरपुर। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में सोमवार को ताला लटकने से सैकड़ों ग्राहक परेशान होकर लौट गए। बैंक में सिर्फ शाखा प्रबंधक और कैशियर की तैनाती है। शाखा प्रबंधक की चुनाव में ड्यूटी लगा देने से बैंक बंद करने की नौबत आ गई। सोमवार को दूर-दूर से बैंक के ग्राहक शाखा पर पहुंचे मगर यहां ताला लटका देखकर उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
बैंक के मुख्य द्वार पर कागज पर लिखकर चस्पा किया गया था कि चुनाव ड्यूटी में होने के कारण बैंक बंद रहेगा।यहां खड़े बैंक के संविदा कर्मचारी ने बताया कि शाखा प्रबंधक की ड्यूटी काउंटिंग में लग जाने की वजह से वह नहीं आ पा रहे हैं। इसकी वजह से बैंक नहीं खुल पा रहा है। ग्राहकों का कहना है कि जिला प्रशासन की मनमानी के कारण बैंक में ताला लगा हुआ है। ग्राहकों ने कहा कि तमाम अन्य विभाग के लोगों को ड्यूटी में लगा देना चाहिए, मगर बैंक जैसे महत्वपूर्ण जगह के अधिकारियों की ड्यूटी लगा देने के कारण आम जनता परेशान हो रही है। ग्राहकों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जिस बैंक शाखा में कम अधिकारी या कर्मचारी की तैनाती है, उस बैंक से चुनाव ड्यूटी न लगाएं ताकि आम लोगों को परेशानी न हो सके। बैंक उपभोक्ताओं ने मामले की जांच कर बैंक खोलने की मांग की है।