सोनभद्र। लोकसभा चुनाव ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मी ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों की सीट पर कब्जा जमा ले रहे हैं। आरक्षण कराने के बावजूद यात्रियों को सीट पर सिर्फ बैठने की जगह मिल रही है। शिकायत आम होने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने पत्र जारी कर ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ जुर्माना करने के निर्देश रेलकर्मियों को दिए हैं। मंगलवार को ऐसे पुलिसकर्मियों की जांच ट्रेनों में होती रही।
29 अप्रैल को सहायक वाणिज्य प्रबंधक की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि उन लोगों को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि लोकसभा चुनाव के दौरान विभिन्न जनपदों में जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह लोग ट्रेन में यात्रियों के साथ मनमानी कर रहे हैं। अधिकतर पुलिसकर्मी गाड़ियों में न सिर्फ बिना टिकट यात्रा करते हैं, वरन अनधिकृत रूप से शयनयान, एवं वातानुकूलित श्रेणी में जबरन आरक्षित शायिकाओं में कब्जा कर ले रहे हैं। आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्री को असुविधा का सामना करना पड़ता है। यह भी संज्ञान में आया है कि गाड़ी में कार्यरत टिकट जांच स्टाफ आपत्ति करने पर पुलिसकर्मी अभद्रता भी करते हैं। इससे न सिर्फ रेलवे राजस्व को हानि होती है वरन रेलवे की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होंने 29 अप्रैल से पांच मई तक बिना टिकट यात्रा करने वाले पुलिस जवानों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया है। सोनभद्र रेलवे स्टेशन के अधीक्षक आरएन सारस्वत का कहना है कि टीईटी के माध्यम से बिना टिकट यात्रा कर रहे पुलिसकर्मियों को चिह्नित कराया जा रहा है।