आसनडीह। बभनी थाना क्षेत्र के सांगोबांध गांव के पास पांगन नदी से हो रहे बालू के अवैध खनन पर सोमवार को खनन और पुलिस विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। खनन अधिकारी अनंत कुमार सिंह सोमवार को दोपहर बाद करीब दो बजे सांगोबांध गांव की ओर पुलिस के साथ पहुंचे। इस दौरान टीम ने बालू लदे पांच ट्रक को पकड़ा। सभी को अवैध परिवहन में सीज कर दिया। साथ ही टीम ने बालू साइट पर जाने वाले मार्ग पर करीब 10-10 फीट गड्ढा जेसीबी से खोदवा दिया ताकि वहां तक कोई ट्रक ही न पहुंच सके। इस दौरान पीएसी की एक कंपनी भी साथ में रही। भारी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। बता दें कि रविवार की रात ग्रामीणों ने अवैध बालू लदे एक ट्रक को पकड़ लिया था। मामले की सूचना पुलिस के साथ ही खनन विभाग को भी दिया था जिस पर अवैध खनन बंद करने की कार्रवाई की गई है।