अनपरा। मंगलवार को अनपरा बाजार सोनारी गली से धूमधाम से निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन जहां चौकन्ना है। वहीं जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्रीय कमेटी ने 1500 वालेंटियर को सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा सौंपा है।
अनपरा कोतवाल शैलेष राय ने बताया कि जुलूस में सीओ पिपरी व दुद्धी भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आठ थानेदार, 15 सब इंस्पेक्टर, 15 हेड कांस्टेबल, 80 कांस्टेबल महावीरी झंडा जुलूस को शांति पूर्वक आयोजित करने में सहभागी रहेंगे। महिला थाना प्रभारी भी नौ महिला आरक्षियों के साथ मुस्तैद रहेंगी।। ट्रैफिक को संभालने के लिए चार ट्रैफिक पुलिस भी लगाए जाएंगे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए टीसी गार्ड आंसू गैस के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही दो प्लाटून पीएसी के जवान भी रहेंगे। डिबुलगंज, दुल्लापथर और ककरी वारफाल पर बैरियर लगाकर जुलूस के दौरान बड़े वाहनों के आवागमन को बंद कर दिया जाएगा। ऐहतियात के तौर पर मीट और शराब की दुकान भी बंद रहेगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड भी जुलूस के साथ-साथ रहेगी। चेताया की आपसी सौहार्द में खलल डालने वालों से सख्ती से पुलिस निपटेगी। केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस प्रशासन के साथ-साथ उनके 1500 वालेंटियर भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे।