दुद्धी। इंटेंसिव ब्लॉक दुद्धी के धूमा में मिशन सोन स्वावलंबन के तहत आयोजित तीस दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण के समापन पर रविवार को प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। इसमें सुकन्या प्रेरणा महिला ग्राम संगठन के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूह की 35 महिलाओं का बैच बनाकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कोटे से सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया। आजीविका मिशन के ब्लॉक एंकर पर्सन जयकुमार जोशी, प्रधान रामप्रसाद यादव ने प्रशिक्षणार्थियों और प्रशिक्षक को प्रमाणपत्र वितरित किए।
बीएपी जय कुमार जोशी ने बताया कि जिला प्रशासन के विशेष पहल पर मिशन सोन स्वावलंबन के तहत दुद्धी ब्लाक में 35 नि:शुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। बताया गया कि एक बैच का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। अलग-अलग तिथियों में दूसरे बैच की भी शुरुआत कर दी गई है। सभी सिलाई केंद्र में 35-35 महिलाओं को सिलाई का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले बैच में दुद्धी ब्लॉक की 1225 महिलाएं प्रशिक्षित हो चुकी हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। इस मौके पर पीआरपी सीताराम कुमार, सीएलएफ बीके अनिल कुमार, समूह सखी नयनतारा देवी आदि मौजूद रहे।