अनपरा । एनजीटी से गठित कोर कमेटी के निर्देशों का हवाला देते हुए संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज में प्रस्तावित टाक्सिलाजिकल लैब (विषाक्त प्रयोगशाला) की स्थापना की मांग स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से की है।
सामाजिक कार्यकर्ता पंकज मिश्रा ने म्योरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत कुलडोमरी के डिबुलगंज में स्थित संयुक्त चिकित्सालय में व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं की तरफ भी डीएम का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने बताया है कि प्रदूषण व विषाक्त तत्व जैसे मर्करी, फ्लोराइड, फ्लोरीसिस आदि तत्वों के दुष्प्रभाव से प्रभावित हो रहे ग्रामीणों को उच्च स्तरीय जांच सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए संयुक्त चिकित्सालय में टाक्सीलाजीकल लैब की स्थापना कर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा बहाल किया जाना चाहिए। बताया कि एनजीटी से गठित कोर कमेटी ने एनजीटी के समक्ष 20 अगस्त 2015 को दाखिल विस्तृत रिपोर्ट व 27 मार्च 2018 में प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को प्रदूषण के दुष्प्रभाव से प्रभावित ग्रामीणों को उच्च स्तरीय जांच सुविधा उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया है। जिला संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज के पास अपना निर्मित भवन व पर्याप्त स्थान भी है जिसमें इन सुविधाओं को बहाल किया जा सकता है।