घोरावल। नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी के पास लटक रहा हाईवोल्टेज तार कभी भी कोई बडे़ हादसे का कारण बन सकता है। कई बार बिजली विभाग का ध्यान स्थानीय लोगों ने इस ओर आकृष्ट कराया, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों का रवैया बेहद गैर जिम्मेदाराना है। इससे क्षेत्रीय लोगों में असंतोष है। लोगों ने तार दुरुस्त कराने की मांग की है।
करीब चार वर्ष पूर्व घोरावल कस्बे में विद्युत खंभों पर लगे पुराने तारों को बदलकर नए तार लगाए गए थे। सीएचसी के लिए विद्युत आपूर्ति के लिए दक्षिणी बाउंड्रीवाल की तरफ से खंभों के सहारे तार लगाए गए हैं। दक्षिणी बाउंड्रीवाल के बगल से एकदम सटकर एक सड़क बनी हुई है जो मुख्य बाजार के शिवद्वार मार्ग और दलित बस्ती को आपस में जोड़ती है। इस सड़क के किनारे विद्युत खंभों में लगे तारों से सीएचसी में बिजली आपूर्ति की जाती है। सड़क किनारे खंभों में हाईवोल्टेज तारें लटक रही हैं। लटक रहे तारों के बगल में लोगों के कई निजी वाहन भी खड़े रहते हैं। यहां लटक रहे हाईवोल्टेज तारों से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र के अरुण कुमार पांडे, पवन अग्रहरि, सफेदलाल बैसवार, लाल बहादुर का कहना है कि दलित बस्ती को मुख्य बाजार से जोड़ने वाले इस सड़क के बिल्कुल किनारे करीब आठ माह से तार लटक रहे हैं। कुछ इनमें नंगी तारें भी हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। इस संबंध में एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि सीएचसी के पास लटक रहे इन हाई वोल्टेज तारों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा और सही ऊंचाई पर लगाया जाएगा।