सोनभद्र। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए।
रेणुकूट संवाददाता के अनुसार खाड़पाथर गांव के पास रविवार की भोर ट्रक और टवेरा की भिड़ंत में टवेरा सवार हरिशंकर दूबे (27) की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल का हिंण्डाल्को अस्पताल रेणुकूट में इलाज चल रहा है।
भोर में चार बजे खाड़पाथर गांव के पास चोपन से रेणुकूट की ओर जा रही टवेरा की विपरित दिशा से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे में टवेरा सवार मिर्जापुुर जिले के पडनी थाना क्षेत्र के महुआरी गांव निवासी हरिशंकर दूबे (60) और नान्हूपुर गांव निवासी अनुराग उपाध्याय (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर रेणुकूट चौकी इंचार्ज घायलों को हिंडाल्को अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया। घायल अनुराग ने बताया कि बेकाबू होकर ट्रक ने उनके वाहन में टक्कर मार दी। ट्रक के चालक व खलासी को हिरासत में लिया गया है। मृतक के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज होगा।
अनपरा संवाददाता के अनुसार वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित दो नंबर गेट के पास शनिवार की रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल को नेहरू चिकित्सालय जयंत में भर्ती कराया है।
शनिवार की रात साढ़े आठ बजे के आसपास ममुआर निवासी बृजेश भारती (23) व डिबुलगंज निवासी पप्पू (23) अपने बाइक से एचएससीएल कालोनी जा रहे थे, इसी दौरान मुख्य मार्ग से वह कालोनी की तरफ मुड़ने को घूमे तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल बृजेश व पप्पू को पुलिस ने नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर किया, लेकिन रास्ते में बृजेश भारती की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात होने से वाहन की पहचान तो नहीं हुई। डिबुलगंज से शक्तिनगर तक पटरियों पर हुए अतिक्रमण के कारण ही हादसा हुआ।
सलखन संवाददाता के अनुसार चोपन क्षेत्र के मारकुंडी घाटी चढ़ते समय एआरटीओ को देख बालू लदे चलते ट्रक से कूद गया। रविवार को अनियंत्रित होकर पीछे ट्रक जाकर सड़क के किनारे सो रही मानसिक रूप से अस्वस्थ लावारिस महिला को कूचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने भाग रहे चालक को पकड़ लिया। लोगों ने बताया कि भोर करीब चार बजे सलखन गांव के समीप राजमार्ग पर एआरटीओ द्वारा ओवरलोड वाहनों की धर पकड़ के दौरान चोपन से ओवरलोड बालू लदे राबर्ट्र्सगंज की ओर जा रहे एक ट्रक को रोका। लेकिन चालक के न रोकने पर एआरटीओ ने ट्रक का पीछा किया। मारकुंडी घाटी चढ़ते वक्त एआरटीओ ने ट्रक को ओवरटेक कर बोलेरो खड़ा कर दिया। घबराहट में चलते ट्रक से चालक कूद पड़ा। चढ़ाई होने से ट्रक अनियंत्रित होकर उल्टे बैक होकर रफ्तार पकड़ ली। तकरीबन डेढ़ सौ मीटर बैंक होकर ट्रक डिवाइडर को पार करते हुए मारकुंडी घाटी के समीप मधुरम ढाबे के सामने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को कुचलते हुए ढाबे में जा टकराया। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। मौके पर पहुंचे गुर्मा चौकी प्रभारी ने शव को पीएम के लिए भेजकर ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया। मृत महिला की उम्र 45 वर्ष है और वह मानसिक रूप से बीमार थी। मारकुंडी निवासी सत्यपाल सिंह की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में प्रथम दृष्टया ट्रक पर बिना परमिट के बालू लदा हुआ है, इसकी सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। एआरटीओ एसपी सिंह ने कहा कि वह भोर में ओवरलोड वाहनों की जांच नहीं कर रहे थे। रविवार की सुबह आठ बजे से चेकिंग शुरू किए थे।