सिंगरौली (सोनभद्र)। जेपी ग्रुप के मझौली स्थित कोल प्रोजेक्ट में हुए हादसे में गुरुवार को संविदा श्रमिक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथी कर्मचारियों का कहना है कि हादसा अधिकारियों के लापरवाही से हुआ था।
विवरण के मुताबिक जेपी के कोल प्रोजेक्ट में ओबी निस्तारण का काम कर रही अवतार सिंह कंपनी में मधेपुरा, रीवा का रहवासी राजेंद्र विश्वकर्मा (32) बतौर वेल्डर कार्य कर रहा था। कर्मियों के अनुसार मंगलवार शाम अधिकारियों के निर्देश पर मोबिल के खाली ड्रम के एक हिस्से में कोई पार्ट जोड़ रहा था इसी दौरान बंद ड्रम गैस बनने से फट गया और राजेंद्र बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने जबलपुर के लिए रेफर कर दिया। बताते है कि गुरुवार सुबह कटनी पहुंचने से पहले रास्ते में उसकी मौत हो गई। बरगवां के टीआई आरपी सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है इसके बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।