सोनभद्र। सदर विकासखंड के घुवास गांव के सहज जन सेवा केंद्र के संचालक ने राशन कार्ड बनाने के नाम पर डेढ़ सौ रुपये की मांग की थी। संचालक ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को लिखित बयान में रुपये मांगने बात स्वीकार भी कर ली है। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अब संचालक के बयान के साथ रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे।
बता दें कि सात फरवरी को जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी के सीयूजी मोबाइल नंबर पर नये राशन कार्ड बनवाने, पुराने राशन कार्ड में संशोधन करने, यूनिट घटाने/बढ़ाने के लिए जन सुविधा केंद्र संचालक द्वारा 150 रुपये की मांगने की शिकायत मिली थी। इसका ऑडियो क्लिप भी उपलब्ध कराया गया। डीएसओ ने मामले की जानकारी डीएम को दी। डीएम अभिषेक सिंह ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को संबंधित जन सुविधा केन्द्र संचालक संबंधित जन सुविधा केंद्र संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिए। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता ने डीएम को रिपोर्ट भेज कर अवगत कराया है कि ऑडियो क्लिप व व्हाट्सएप संदेश के क्रम में जिला प्रबंधक, सीएससी ई-गवर्नेन्स सर्विसेज इंडिया लिमिटेड से जांच कराने पर शिकायत सही मिली। शिकायत की पुष्टि होने पर घुवास में संचालित जन सेवा केंद्र के संचालक शहबान अली की ई-डिस्ट्रिक आईडी की सेवा समाप्त कर दी गई। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्रा को संचालक ने लिखित बयान में रुपये मांगने की बात स्वीकार भी कर ली। अब संचालक के बयान के साथ पत्रावली डीएम के समक्ष भेजने की तैयारी है।
जिला प्रबंधक, सीएससी ई-गवर्नेन्स सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के जांच में शिकायत सही मिलने पर घुवास में संचालित जन सेवा केंद्र के संचालक सहबान अली की ई-डिस्ट्रिक आईडी की सेवा समाप्त कर दी गई। संचालक ने लिखित बयान में रुपये मांगने स्वीकारोक्ति की है। संचालक के बयान केसाथ पत्रावली डीएम को भेजने की तैयारी है। - दिव्यतोष मिश्रा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर