ऑपरेशन से पहले मरीज को बेहोश करने के लिए एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की जरूरत होती है। जिले में एनेस्थेसिस्ट का टोटा है। ग्रामीण क्षेत्रों के सीएचसी-पीएचसी पर 60 फीसदी पद खाली हैं। इसका सीधा असर उपचार पर भी पड़ रहा है।
जिला मुख्यालय पर मेडिकल काॅलेज, जिला संयुक्त चिकित्सालय, दस सीएचसी के साथ ही 30 से अधिक पीएचसी संचालित हैं। जिले के अस्पताल बेहोशी के चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं।
स्थिति यह है कि सीएमओ के अधीन जिले में बेहोशी के चिकित्सकों के पूर्व में 15 पद स्वीकृत हैं। इसमें 13 पद नियमित और दो संविदा का है। इसके सापेक्ष सीएचसी-पीएचसी में एक संविदा और चार नियमित सिर्फ पांच चिकित्सक मौजूद हैं।
वहीं जिला अस्पताल में दो नियमित सहित कुल चार पद स्वीकृत हैं। सभी पद भरे हैं। ऐसे में मरीजों को उपचार संबंधी परेशानी होती है। जिले के अस्पतालों में बेहोशी के चिकित्सकों के कमी का असर भी देखने को मिल रहा है। यहां पूरी क्षमता से कार्य नहीं हो पाते हैं। कई बार छोटे ऑपरेशन के लिए भी मरीज को इंतजार करना होता है।