प्रशासनिक और पुलिस अमले की ओर से रविवार को लोहिया ग्राम सिंदूर के ठोरकी टोले में लगाई गई चौपाल में मंडलायुक्त अनिल कुमार और डीएम डीके सिंह के तेवर तीखे रहे। इस दौरान जिले में 146 गांवों में जल्द ही प्रधानों के जरिए सौर ऊर्जा संचालित आरओ प्लांट लगाने की जानकारी दी गई।
वहीं लापरवाही की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी राजीव रतन सिंह, एडीओ एजी जीत नारायण कुशवाहा को फटकार लगाने के साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शैलेंद्र को कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि कार्यों में अपेक्षित सुधार न आने पर कार्रवाई की जाएगी।
बतौर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त ने कहा कि लोहिया ग्राम का विकास मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है। इसलिए पात्रों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि डीआईजी एमडी कर्णधार ने युवाओं को मुख्यधारा से जुड़े
रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस ग्रामीणों के हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। वहीं डीएम डीके सिंह ने सिंदूर में विद्युतीकरण के लिए 158 खंभे, 35 ट्रांसफार्मर लगे होने के बावजूद महज 12 कनेक्शन पर नाराजगी जताते हुए जल्द कनेक्शन संख्या बढ़ाए जाने का निर्देश दिया।
कहा कि जब तक कनेक्शन नहीं बढ़ जाते, तब तक बिजली नहीं दी जाएगी। इस दौरान बिना बिजली पहुंचे ही बिल पहुंचने की शिकायत पर पिपरी एक्सईएन आरआर प्रसाद को बिल माफ करने का निर्देश दिया। एडीओ एजी को निर्देशित किया कि वह खाद की कालाबाजारी रोकें और गड़बड़ी करने वाले दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कराएं।
आवास आवंटन में अनियमितता की शिकायत पर सेक्रेटरी को सुधार का निर्देश देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद मंडलायुक्त, डीएम के साथ ही एसपी शिवशंकर यादव ने गरीबों में कंबल का वितरण किया। वहीं कौशल विकास योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। इस मौके पर बीएसए नंदलाल सिंह, एक्सईएन पिपरी आरआर प्रसाद, डा. राजीव रंजन आदि थे।