दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गांव के पुरवा सायल टोला में मंगलवार की सुबह महुआ बीनने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस पर एक पक्ष ने वृद्ध दंपती की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। परिवार वालों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस को फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। सायल गांव के निवासी सागर (60) और उनकी पत्नी फूलवंती (50) अस्थायी रूप से झारखंड के पलामू जिले के गोपालगंज में रहते हैं। दोनों सोमवार की शाम ही अपनी पांच बीघे जमीन की देखभाल करने के लिए सायल गांव में आए थे। मंगलवार की सुबह दोनों महुआ बीन रहे थे। इसी दौरान वहां उनके पट्टीदार पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों में महुआ बीनने को लेकर विवाद शुरू हो गया और जमीन के बंटवारे के विवाद को लेकर एक पक्ष ने सागर और उसकी पत्नी की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले की जानकारी होने पर सागर के भतीजे ने उन्हें और उनकी पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां तैनात चिकित्सक शाहआलम के मुताबिक सागर का दायां पैर टूट गया है। दोनों हाथ में फ्रैक्चर है। सिर पर भी गंभीर चोट के साथ अन्य जगहों पर भी चोटें आई हैं। वहीं महिला के भी पीठ व हाथ की उंगलियों में चोट आई है। सागर को पूरे शरीर में मल्टीपल फ्रैक्चर की आशंका पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। महिला ने बताया कि उसके पट्टीदारों ने उनकी पिटाई कर दी है। उधर, दुद्धी पुलिस का कहना है कि उन्हें इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।