सोनभद्र। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को स्वीप की ओर से राबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान में हुआ। इसमें लोगों को अधिकाधिक मतदान की शपथ दिलाई गई। यहां से निकली जागरूकता रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और फिर रामलीला मैदान में लौटकर समाप्त हो गई। इस दौरान पहले मतदान, फिर जलपान का नारा गूंजा। डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने लोगों को मतदान की शपथ दिलाया। रामलीला मैदान में सुबह साढ़े नौ बजे भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। यहां डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोकतांत्रितक व्यवस्थाओं में मतदान का बहुत बड़ा प्रभाव है। देश की बेहतर सरकार बनाने के लिए बेहतर जनप्रतिनिधि का चुनाव मताधिकार का प्रयोग करके करें। जिले का मतदान प्रतिशत 75 फीसदी से ऊपर कराने का लक्ष्य लेकर जिले में मतदान का कीर्तिमान हासिल किया जाय। कहा कि 19 मई को लोकसभा चुनाव के मतदान के दिन जन आंदोलन का रूप देकर मतदान प्रतिशत को बढ़ाएं। एसपी सलमान ताज पाटिल ने कहा कि सभी लोग निष्पक्ष और बिना किसी डर, भय के मतदान करें। मतदान स्वास्थ्य लोकतंत्र की परंपरा है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी को महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। पुलिस सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से तैयार है। सीडीओ अजय कुमार द्विवेदी, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि नए मतदाताओं में जो उत्साह देखने को मिल रहा है, यह मतदान के महत्व को बढ़ा रहा हैं। तेज धूप का परवाह किये बिना मतदाता जागरूकता रैली की कोशिश काबिले तारीफ है। संचालन स्वीप प्रभारी डीपीआरओ आरके भारती ने किया। समारोह के बाद डीएम समेत अन्य अधिकारियों ने मतदाता जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रामलीला मैदान से शुरू होकर रैली राबर्ट्सगंज नगर के विभिन्न चौराहों, मुहल्लों, प्रमुख स्थानों से होते हुए रामलीला मैदान आकर समाप्त हुई। इस मौके पर एसडीएम सदर यमुनाधर चौहान, डीआईओएस, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, एसीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल, एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह समेत तमाम अधिकारी, कर्मचारी और विद्यालयों के बच्चे मौजूद रहे।