चुर्क। नगर पंचायत चुर्क के वार्ड छह में 60 कमरों को आसरा आवास दो साल से बेकार पड़ा है। अब तक इनका आवास जरूरतमंदों को आवंटित नहीं हो सका है। वजह कि इस आवास में बिजली और पानी की कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में यह कब पूर्ण होगा और आवास कब तक लोगों को आवंटित होगा, इस पर सवाल खड़ा हो गया है। पूर्व की सपा सरकार में ऐसे गरीब जिनके पास सिर छिपाने के लिए जगह नहीं है, उनके लिए आसरा योजना शुरू किया। इस योजना के तहत वार्ड छह में जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से करीब दो वर्ष पूर्व 60 आवासों का निर्माण कराया गया। यह आवास पूर्ण हो गए, लेकिन उनमें न तो बिजली की व्यवस्था की गई और न ही पानी की। वायरिंग आदि का कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। इससे इस आवास को अब तक रहने के लिए तैयार नहीं किया जा सका है। इसका खामियाजा आम गरीबों को भुगतना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि सुविधाएं न होने के नाते अब तक यहां के आवासों को गरीबों को आवंटित नहीं किया जा सका है। यहां बनी पानी की टंकी शोपीस बनकर रह गई है। डूडा के परियोजना अधिकारी अधिकारी वीके निगम ने बताया कि बजट के लिये, उन्होंने शासन को तीन करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है ताकि आवासों में सभी सुविधाएं मुहैया करायी जा सकें और अधूरे कार्यों को पूर्ण किया जा सके। बताया कि पात्रों को आवास आवंटित करने के लिए विज्ञापन जारी किया गया था लेकिन आवास के हिसाब से फार्म पात्रों ने नहीं जमा किया। इससे आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है।