रेणुकूट। मुर्धवा ग्राम पंचायत के राधा कृष्ण मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर सीवर का गंदा पानी बहने से रहवासियों, श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के प्रसिद्ध मंदिर के सामने सीवर का पानी इकट्ठा होने से श्रद्धालु गंदे पानी से होकर मंदिर में जाने को विवश हो रहे हैं। पानी बहने से दस माह पूर्व बना इंटरलाकिंग संपर्क मार्ग टूटने लगा है, वहीं वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पानी जमा होने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं। इस मार्ग पर कुछ ही महीनों में दर्जनों मकानों का निर्माण हुआ है। लोगों ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर ने प्लाटिंग करके जमीनों को ऊंचे दामों पर बेच दिया लेकिन नाली, सीवर के लिए कोई व्यवस्था नहीं कराया। विकास प्राधिकरण भी बिना जांच के भूखंडों का नक्शा पास कर देता है। बाद में लोग अपने-अपने मकानों का पानी सड़कों पर ही बहाते हैं। रहवासियों का आरोप है कि ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत के बाद भी अब तक कोई हल नही निकल पाया। अमरेंद्र सिंह, अमृत लाल यादव, सुनील यादव, अनूप श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि पहली बार बनी इंटर लॉकिंग सड़क दस महीनों में ही टूट गई। घरों के सीवर का पानी इस मार्ग को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। राधा कृष्ण मंदिर के सामने मुख्य मार्ग पर पानी इकट्ठा होने से यहां भी बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। दर्शन पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालु इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे से आए दिन लोग भीग जाते हैं। इसे लेकर उप जिला अधिकारी को कई बार पत्र लिखा गया लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इस बारे में ग्राम प्रधान अर्चना गुप्ता का कहना है कि नए वित्तीय वर्ष में कार्य योजना बनाकर नाली का निर्माण कराया जाएगा।