सोनभद्र/चोपन। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एसपी सिंह ने सोमवार को टीम के साथ जुगैल थाना क्षेत्र के खेवंधा बालू साइट के पास ओवरलोड वाहनों की जांच की। इस दौरान 15 ट्रक ओवरलोड मिले। इसके साथ ही राबर्ट्सगंज और मारकुंडी क्षेत्र में भी टीम ने सात वाहन ओवरलोड पकड़े। एआरटीओ ने सभी वाहनों का चालान कर दिया और तीन लाख रुपये राजस्व वसूला। एआरटीओ एसपी सिंह सोमवार को दोपहर बाद जुगैल थाना क्षेत्र के खेवंधा गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने बालू साइट से बालू लादकर आ रहे ट्रकों की जांच शुरू की। परिवहन विभाग की टीम के आने की सूचना पर ट्रक चालक जहां-तहां सड़क के किनारे वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान एआरटीओ ने यहां 15 ट्रकों को ओवरलोड पाया और उनका चालान कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि इसके अलावा राबर्ट्सगंज व मारकुंडी क्षेत्र में भी उन्होंने वाहनों की जांच की। इस दौरान सात ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। बताया कि इन वाहनों से तीन लाख रुपये राजस्व की वसूली की गई है।