सोनभद्र। सीमेंट फैक्ट्री इंटर कॉलेज चुर्क के पूर्व छात्रों का नव वर्ष मिलन समारोह रविवार को राबर्ट्सगंज स्थित एक होटल में संपन्न हुआ। यहां कॉलेज के पुराने छात्र-छात्राओं ने गोष्ठी कर एक दूसरे से अपने पूर्व के अनुभव साझा किये। साथ ही चुर्क छात्र-छात्राओं के परिवार को एकता के सूत्र में पिरोने का भी संकल्प लिया। आगामी दिनों के कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। पुरातन छात्र समागम के अगुवा सुुजीत श्रीवास्तव और संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व की संस्कृति और सभ्यता का ख्याल रखते हुए सभी को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया है। यहां जाति और धर्म का कोई मायने नहीं। चुर्क के छात्र-छात्राओं की संस्कृति अपनी अग्रजों को अभिभावक स्वरूप मानने की रही है और यह संस्कृति सदैव जिंदा रहे, इसका सभी को प्रयास करना चाहिए। अरूण कश्यप, खुर्शीद आलम, अशोक कुमार पांडेय ने भी चुर्क के छात्रों के इस परिवार को और मजबूत करने पर जोर दिया। उर्मिला तरूण, क्षमा सिंह, फरीदा का कहना है कि चुर्क के पुरातन छात्र-छात्राओं ने अपनी पहचान हर क्षेत्र में कायम किया है। अब यह परिवार समाज के अन्य क्षेत्र में भी बेहतर कार्य करने के लिए कदम बढ़ाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार तरूण और संचालन सुुजीत श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर मुस्तंसर जैदी, वीपिन श्रीवास्तव, गणेश शाहा, राजेश कुमार जैन, डॉ. एसएन दूबे, संजय जायसवाल, शांतनु विश्वास, राजकुमार सिंह, राजेश प्रेमी, नीरज कुमार जैन, जय प्रकाश यादव, राजू जायसवाल मौजूद रहे।