रेणुकूट। क्षेत्र के खाड़पाथर में स्थित अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय ग्रीनलैंड स्कूल के छात्र छात्राओं ने गंदगी और प्लास्टिक के विरोध में रैली निकालकर स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग दिया। विद्यालय के छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर हाथीनाला में स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क ले जाया गया था, जहां विद्यालय के बच्चों ने रैली निकालकर पर्यटकों को जागरूक करने की मुहिम का जिम्मा उठाया। जहां एक तरफ छात्रों ने रैली निकाली वहीं दूसरी तरफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर पर्यटकों को गंदगी के खिलाफ जागरूक किया। छात्र-छात्राओं ने वहां मौजूद पर्यटकों और ग्रामीणों को बताया कि प्लास्टिक मनुष्य पर्यावरण के लिए कितनी घातक होती है इसकी वजह से लगातार हमारा पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इससे मानव के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस मौके पर उपस्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य नवल किशोर और उप प्रधानाचार्या रीना सिंह ने भी पर्यटकों को जागरूक करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पार्क में उपस्थित सभी पर्यटकों ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करने के लिए जमकर तालियां बजाई। अंत में विद्यालय की छात्राएं कुमारी साक्षी यदुवंशी और दिव्या सिंह ने अपने भाषणों और नारों से सभी को अपनी ओर आकर्षित किया।