सोनभद्र। राबर्ट्र्सगंज तहसील के पडऱी और बाकी गांव मेें बुधवार को कार्डधारकों को अनाज न मिलने की शिकायत की जांच करने के लिए क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि नेटवर्क की समस्या के चलते ई-पॉश मशीनें नहीं चल रही हैं। इस नाते कई कार्डधारकों को समय से अनाज मिलने में दिक्कतें हो रही।
बतादें कि कुछ दिन पूर्व डीएसओ को शिकायत मिली थी कि पडऱी और बाकी गांव के कोटेदारों ने कई कार्डधारकों को अनाज समय से नहीं दिया। इसके अलावा निर्धारित रेट से अधिक मूल्य वसूल रहे हैं। विरोध करने के बाद भी वे अधिक दाम ले रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलापूर्ति अधिकारी ने दोनों गांवों के लिए चार-चार सदस्यीय टीमें गठित की। बुधवार को दोनों टीमें गांवों में जाकर जांच पड़ताल की। इस संबंध में जिलापूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि पडऱी गांव में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिपुसूदन, आपूर्ति निरीक्षक, सीपी श्रीवास्तव, पवन, प्रीतम गिरि, बाकी में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष सोनी की अगुवाई में आपूर्ति निरीक्षक संजय, अरूण और शशि को भेजा गया था। जांच में प्रथम दृष्टया पता चला है कि नेटवर्क समस्या के चलते मशीनें नहीं के बराबर काम कर रही हैं।
इस नाते निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्डधारकों को अनाज नहीं मिला। कहा कि उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर इन दोनों गांवों में पूर्व की भांति वितरण व्यवस्था शुरू करने के लिए कोटेदार को निर्देशित किया जाएगा। कहा कि कतिपय कार्डधारकों द्वारा निर्धारित रेट से अधिक दर पर अनाज देने की शिकायत की गई थी। जांच में अगर शिकायत सही निकली तो संबंधित कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी टीम ने उन्हें रिपोर्ट नहीं दी है।