जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने ग्राम स्वराज अभियान में लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्रेटरी जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें एडीओ पंचायत चतरा के कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही निलंबन प्रकरण की जांच एडीओ पंचायत घोरावल को सौंपा है। सचिव पर उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना का आरोप है।
जिले में ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधि और पार्टी नेता गांवों में जा रहे हैं। वहां रात्रि में कैंप कर रहे। जनता की समस्या सुन रहे और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। पार्टी के नेताओं ने कई बार शिकायत की कि ग्राम पंचायतों से जुड़े कर्मचारी स्वराज कार्यक्रम में नही जा रहे हैं। इस शिकायत पर डीपीआरओ आरके भारती ने सभी एडीओ पंचायत को पत्र जारी किया था। उसमें कहा था कि वे खुद एक चौपाल में जाएं और सचिवों को भी स्वराज कार्यक्रम में उपस्थित होने को कहें। लेकिन डीपीआरओ के निर्देश के बावजूद चतरा ब्लॉक में तैनात सचिव जितेंद्र कुमार ने निर्देशों की अनदेखी की। ब्लॉक के करौंदिया गांव में लगे चौपाल में न जाने पर डीपीआरओ ने सचिव को निलंबित कर दिया।
इनसेट-
करौंदिया में सौ में एक भी शौचालय मानक के अनुरूप नहीं
रामगढ़। चतरा ब्लॉक के करौंदिया गांव में पंचायत राज विभाग की ओर से 100 शौचालय निर्माण के लिए भेजे गए थे। डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि यहां एक भी शौचालय का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं कराया गया है। इसको लेकर भी निलंबित सचिव जितेंद्र कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है।