रविवार दोपहर झड़प के बाद भाजपा के लोगों ने एनसीएल खडिय़ा क्षेत्र के कोयला खदान में ओबी (अधिभार) का परिवहन रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह वार्ता के लिए राजी किया तब जाकर परिवहन शुरू हो पाया।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह की अगुवाई में कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता खडिय़ा क्षेत्र में ओबी हटा रही कंपनी बीजीआर के अधिकारियों से क्षेत्रीय बेरोजगारों को रोजगार दिए जाने को लेकर बातचीत करने पहुंचे थे। कंपनी के कैंप गेट पर नेताओं को रोक दिया गया। नेताओं का कहना था कि जो भी जिम्मेदार मौजूद हो उसके समक्ष अपनी बात रखना चाहते है लेकिन बातचीत तो दूर उनको कैंप कार्यालय के अंदर जाने की भी इजाजत नहीं दी गई। इससे नाराज नेताओं ने कैंप का मुख्य गेट बंद कर दिया। इसी के बाद दोनों पक्षों में तीखी झड़प शुरू हो गई।
कंपनी के कैंप में मौजूद काफी संख्या में कर्मियों के एकत्रित होते देख नेताओं ने कैंप छोड़ खदान क्षेत्र का रूख किया और हाल रोड पर पहुंच कर ओबी के परिवहन में लगे डंपरों को रोक दिया। जानकारी के बाद शक्तिनगर के थाना प्रभारी अभिनव वर्मा सहित पुलिस कर्मी पहुंच गए और बातचीत के जरिए मामले का हल निकाला और सक्षम अधिकारियों से वार्ता कराने का आश्वासन दिया तब जाकर परिवहन शुरू हो सका। इस मौके पर भाजपा के आनंद पांडेय, बजेंद्र दुबे, लालचंद गुप्ता, मनोज आदि मौजूद रहे।