दुद्धी। दुद्धी की आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने बुधवार को नारी शक्ति प्रेरणा महिला संकुल स्तरीय संघ के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को लेकर लोगों को जागरूक किया। ग्राम दुमहान, रजखड़, कादल, मंझौली, कटौली, कटौंधी के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने ग्रामीणों में बेटी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने-अपने गांव से टोली बनाकर सुबह से ही जुलूस निकालते हुए कटौली ग्राम पंचायत भवन के लिए निकली। जुलूस के दौरान महिलाओं ने नारे भी लगाया। जुलूस ग्राम पंचायत भवन कटौली पहुंचा। जहां महिलाओं को नारी शक्ति प्रेरणा महिला संकुल स्तरीय संघ की अध्यक्षा रामपति देवी ने सभी को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। ब्लॉक एंकर पर्सन जय कुमार जोशी, अजय शंकर झा, समूह सखी सुनीता देवी आदि मौजूद रही।