नार्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड में सोमवार से चल रहे खान सुरक्षा सप्ताह के दौरान कंपनी के अमलोरी कोयला क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा रथ के जरिए कर्मचारियों को जागरूक किया गया। इसके माध्यम से सुरक्षा सेफ्टी की लोगों को जानकारी दी गई।अमलोरी के कोयला खदान के व्यू प्वाइंट पर औद्योगिक सुरक्षा रथ पहुंचा। कामगारों को व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित किया गया। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत कारखाना सलाह सेवा और श्रम संस्थान महानिदेशालय के बीच हुए एक विशेष सहमति के तहत यह औद्योगिक सुरक्षा रथ भारत के विभिन्न उद्योगों में भ्रमण कर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति कामगारों को प्रशिक्षित करने का कार्य कर रहा है। श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने सितंबर 2017 में नई दिल्ली के विज्ञान भवन से हरी झंडी दिखाकर इस रथ को राष्ट्र के औद्योगिक इकाइयों में भ्रमण के लिए रवाना किया था। इस खास रथ की अमलोरी क्षेत्र में आमद से औद्योगिक सुरक्षा के प्रति एनसीएल की संजीदगी को एक नई पहचान मिली है। खान सुरक्षा सप्ताह के दौरान अमलोरी में सुरक्षा की भावना को बढ़ावा दिए जाने के उद्देश्य से कई अन्य कायज्क्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक एसके गोमास्ता, परियोजना अधिकारी एसके झा, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आरबी सिंदूर सुरक्षा पहलुओं का निरीक्षण भी किया।